Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर: सिर पर पत्थर पटककर युवक को उतारा मौत के घाट

जबलपुर: सिर पर पत्थर पटककर युवक को उतारा मौत के घाट

जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर में आज 7 जनवरी बुधवार की सुबह कुछ बदमाशों ने सिर पर पत्थर पटककर एक युवक की हत्या कर दी। मृतक आकाश उर्फ पप्पू ऑटो चलाता था। सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह अपने घर से निकला था। इसी दौरान खिन्नी मोहल्ले में उसका कुछ युवकों से विवाद हो गया।

इसके बाद आरोपी आकाश को घसीटते हुए क्षेत्रीय बस स्टैंड के पास ले गए और वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और गोहलपुर थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

3-4 युवक कर रहे थे मारपीट

स्थानीय निवासी नीरज चौधरी ने बताया कि तीन से चार युवक आकाश से मारपीट कर रहे थे। मृतक की मां आरोपियों को नाम से नहीं जानती है, लेकिन उसका कहना है कि अगर उन्हें सामने लाया गया तो वह पहचान सकती है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस की 3 टीमें

वारदात की जानकारी मिलते ही गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आकाश की हत्या सिर पर पत्थर पटककर की गई है। आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लोगों में आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। लोगों का कहना है कि आकाश का किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था, इसके बावजूद उसकी दिनदहाड़े हत्या कर दी गई।

Related Articles

Latest News