Wednesday, April 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशमार्च की शुरुआत में ही तपने लगा मध्यप्रदेश, कई शहरों में मई-जून...

मार्च की शुरुआत में ही तपने लगा मध्यप्रदेश, कई शहरों में मई-जून जैसी गर्मी

भोपाल। मध्यप्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम का मिजाज इतनी तेजी से बदला है कि महीने के पहले ही हफ्ते में लोगों को मई-जून जैसी तपिश महसूस होने लगी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ गया है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा दिखाई देने लगा है।

तेज गर्मी के कारण शहरों में जगह-जगह गन्ने के जूस और मटकों की दुकानों की संख्या भी बढ़ती नजर आ रही है। हालांकि फिलहाल रात के समय हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिन तक नहीं रहने वाली।

मौसम विभाग के अनुसार 9 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके असर से प्रदेश के तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है।

गर्मी के साथ-साथ अब उमस भी लोगों को परेशान करने लगी है। प्रदेश में रतलाम सबसे गर्म शहर बनकर सामने आया है, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं दूसरी ओर मंदसौर और पचमढ़ी जैसे इलाकों में रातें अभी भी अपेक्षाकृत ठंडी बनी हुई हैं और न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में गर्मी के तेवर और कड़े हो सकते हैं। तापमान बढ़ने के साथ उमस भी बढ़ेगी, जिससे लोगों को पसीने और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल मौसम से राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।

प्रदेश के बड़े शहरों का अधिकतम तापमान

  • भोपाल – 34.8°C

  • इंदौर – 35.8°C

  • जबलपुर – 34.4°C

  • ग्वालियर – 36.5°C

  • उज्जैन – 36.7°C

बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान

  • भोपाल – 15.0°C

  • इंदौर – 14.2°C

  • जबलपुर – 17.4°C

  • ग्वालियर – 17.2°C

  • उज्जैन – 15.0°C

Related Articles

Latest News