MP Weather: मध्य प्रदेश में मानसून की राह देख रहे लोगों को थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है, मानसून की रफ्तार थमने के कारण प्रदेश में मानसून के आगमन की तिथि दो दिन आगे बढ़ गई है।
एमपी में कब पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग ने पहले 10 जून को एमपी में मानसून के दस्तक देने का पूर्वानुमान जताया था, लेकिन अब मौसम विभाग ने 12 जून से मानसून के फिर सक्रिय होने की संभावना जताई है। मानसून के फिर सक्रिय होते ही मध्य प्रदेश में झमाझम बारिश होने के आसार हैं।
देश में मानसून की स्थिति
देश में 10 दिन से मानसून की गति थम सी गई है, मानसून 8 जून तक केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश तक पहुँच चुका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 12 जून से मध्य भारत में मानसून सक्रिय होगा, इससे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में प्री-मानसून की अच्छी बारिश हो सकती है।
आज इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज रविवार 8 जून को मध्य प्रदेश के बुरहानपुर, देवास, इंदौर, खरगोन, धार, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बड़वानी, झाबुआ और अलीराजपुर में गरज-चमक और बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में तेज गर्मी पड़ने और लू चलने की संभावना है।
9-10 जून के किए मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने संभावना व्यक्त की है कि सोमवार 9 जून को खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश हो सकती है। वहीं मंगलवार 10 जून को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर में लू का अलर्ट है। साथ ही कुछ जिलों में बारिश भी हो सकती है।