भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं व 12वीं की परीक्षा 10 फरवरी से शुरू हो रही है। इस बार परीक्षाओं को शुचितापूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए मंडल ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
यदि किसी भी परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल का मामला पुख्ता होता है, तो उस केंद्र की पूरी परीक्षा निरस्त कर दी जाएगी। परीक्षा में नकल करने वाले परीक्षार्थियों पर तीन साल की जेल या पांच हजार रुपये का जुर्माना का प्रावधान है।
माशिमं ने संबंध में जारी किए दिशा-निर्देश
मंडल द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक बोर्ड परीक्षाओं में यदि कोई परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करता है या कोई व्यक्ति इसमें उसकी सहायता करता है तो तीन वर्ष की सजा का प्रावधान है। कक्षा में सामूहिक नकल या अन्य व्यक्ति द्वारा नकल करवाने पर उस केंद्र की सभी परीक्षाएं निरस्त होंगी। प्रदेश में 16 लाख से ज्यादा विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। प्रदेश भर में 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। वहीं राजधानी में 104 परीक्षा केंद्र रहेंगे।











