Sunday, February 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशMP Weather: मध्‍य प्रदेश में आज से गर्मी का असर होगा तेज,...

MP Weather: मध्‍य प्रदेश में आज से गर्मी का असर होगा तेज, बुधवार से चलेगी लू

भोपाल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में इन दिनों दो तरह के मौसम नजर आ रहे हैं। कहीं बारिश तो कही भीषण गर्मी देखने को मिल रही है। सोमवार को सिवनी, छिंदवाड़ा, सिंगरौली, बालाघाट, पांढुर्णा, बैतूल, रीवा सहित कई अन्य जिलों में बादल छाए रहे। कई जगह बूंदाबांदी भी देखने को मिली। हालांकि आज मंगलवार से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। प्रदेश में अब गर्मी का असर देखने को मिलने लगेगा। 16 अप्रैल से प्रदेश में लू चलने लगेगी। जिसके बाद भीषण गर्मी का एहसास होने लगेगा।

मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में 16 अप्रैल से हीट वेव यानी, लू का असर शुरू होगा। इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और चंबल संभाग के जिलों में लू चलेगी। इससे पहले आज मंगलवार को पूर्वी हिस्से के 7 जिले-शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में गर्मी का असर रहेगा। यहां तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है।

प्रदेश में सोमवार को कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई है। बाकी के हिस्से में गर्मी का असर रहा। रतलाम में दिन का तापमान सबसे ज्यादा 42 डिग्री दर्ज किया गया। शाजापुर-धार में तापमान 41 डिग्री, खंडवा में 40.5 डिग्री और नर्मदापुरम में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 39.5 डिग्री, इंदौर में 39.7 डिग्री, ग्वालियर में 37.5 डिग्री और जबलपुर में तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार 16 अप्रैल को कुछ जिलों में हल्की बारिश होने के आसार हैं, जबकि 11 जिलों में लू का अलर्ट है। 17 और 18 अप्रैल को भी लू चलने की संभावना है।

Related Articles

Latest News