मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के जबलपुर सिटी सर्किल के अंतर्गत कार्यपालन अभियंता विजय नगर संभाग में पदस्थ आउटसोर्स कर्मी आज गुरुवार 15 मई 2025 को करंट लगने से घायल हो गया।
मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि विजय नगर संभाग में पदस्थ आउटसोर्स कर्मी अजय दुबे उम्र 34 वर्ष को दोपहर 1 बजे कनिष्ठ अभियंता के द्वारा कचनार सिटी के पास उपभोक्ता की सिंगल फेस की सर्विस लाइन को उतार कर 3 फेस सर्विस लाइन को खींचने का कार्य दिया गया था।
आउटसोर्स कर्मी अजय दुबे ने पोल पर झूला लगाकर कार्य कर रहा था। उसने जैसे ही सिंगल फेस की सर्विस लाइन को काटकर नीचे गिराया, उसी समय उसको दाहिने एवं बाएं हाथ में करंट का झटका लगा, जिससे वह कुछ देर के लिए अचेत अवस्था में पोल में टाँगे गए झूले के सहारे लटकता रहा। कुछ देर बाद उसे होश आया तो मौके पर मौजदू साथी कर्मियों ने टावर गाड़ी बुलाकर अजय दुबे को नीचे उतारा और उसे तत्काल प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
आउटसोर्स कर्मी निजी ठेका कंपनी रक्षक सिक्योरिटी के माध्यम से बिजली कंपनी में पदस्थ है। संघ के मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, अजय कश्यप, विनोद दास, इंद्रपाल सिंह, लखन सिंह राजपूत आदि ने अधीक्षण अभियंता से तत्काल सहायता राशि ₹10000 स्वीकृत करने की मांग की है।










