Sunday, July 26, 2026
Homeमध्य प्रदेशबिजली कंपनी में डिजिटल एमबी के माध्यम से ही होगा वेंडरों-कांट्रेक्टरों का...

बिजली कंपनी में डिजिटल एमबी के माध्यम से ही होगा वेंडरों-कांट्रेक्टरों का भुगतान

मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने अपने कार्यालयीन प्रक्रियाओं में नई तकनीकों के समावेश को आगे बढ़ाते हुए डिजिटाइजेशन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जानकारी दी कि मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यों के बिलों का भुगतान, जो पूर्व में भौतिक मापन पुस्तिका में मैन्युअल प्रविष्टि के बाद होता था, अब वह डिजिटल एमबी के माध्यम से ही होगा। एमपी ट्रांसको के विभिन्न विभागों में इसका उपयोग करना अनिवार्य कर दिया गया है।

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि अब संपूर्ण मध्य प्रदेश में एमपी ट्रांसको के कार्यालयों में शत-प्रतिशत पारदर्शिता के साथ वेंडर, ठेकेदारों आदि के बिल डिजिटल एमबी के माध्यम से भुगतान किये जा रहे हैं। इससे न केवल भुगतान की प्रक्रिया आसान हुई है बल्कि वेंडर, कॉन्ट्रेक्टर आदि भी अपने बिलों की करंट स्टेट्स से अवगत रहते हैं। साथ ही उन्हें निर्धारित समय पर भुगतान प्राप्त भी हो रहा है।

इन हाउस विकसित किया

एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता अजय पांडे ने बताया कि इस डिजिटल एमबी को कंपनी की आईटी एवं ईआरपी सेल ने कंपनी के वित्तीय विभाग से समन्वय बनाकर इनहाउस विकसित किया है। डिजिटल एमबी में वेंडर और कॉन्ट्रेक्टर की उनके द्वारा किए गए कार्यों के पार्ट पेमेंट का नियमानुसार भुगतान करने की भी सुविधा दी गई है। सॉफ्टवेयर से किए गए कार्य, उपयोग हुआ मटेरियल और शेष कार्य तथा मटेरियल की गणना कर भुगतान की राशि निकल आती है।

क्या है डिजिटल एमबी

डिजिटल एमबी एक डिजिटल मापन पुस्तिका है। यह सरकारी कार्यालयों में बाहरी एजेंसी द्वारा किए गए कार्यों, सप्लाई किये गए मटेरियल के बदले भुगतान प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण अभिलेख होता है। यह किए गए कार्य की वास्तविक माप या गिनती का मूल अभिलेख कहलाता है।

Related Articles

Latest News