Sunday, July 26, 2026
Homeमध्य प्रदेशWCR : रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा नई रेल लाइन फुलवारी–देवेन्द्र नगर रेलखंड...

WCR : रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा नई रेल लाइन फुलवारी–देवेन्द्र नगर रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण

WCR : जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल में नई रेल लाइन परियोजना ललितपुर–सिंगरौली (541 किमी) के अंतर्गत फुलवारी से देवेन्द्र नगर के मध्य निर्मित लगभग 7 किलोमीटर लंबे नवीन रेल खंड का मध्य वृत (मुंबई) के रेल संरक्षा आयुक्त (CRS) गुरू प्रकाश द्वारा 10 जून 2026 को विस्तृत संरक्षा निरीक्षण एवं गति परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत रेलवे संरक्षा आयुक्त द्वारा फुलवारी स्टेशन पर निर्माण संगठन एवं जबलपुर मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर परियोजना से संबंधित अभिलेखों एवं संरक्षा दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। इसके उपरांत मोटर ट्रॉली के माध्यम से फुलवारी से देवेन्द्र नगर के मध्य नवीन रेलखंड का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।

WCR : निरीक्षण के दौरान रेलवे संरक्षा आयुक्त ने रेल पथ, पुलों, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, विद्युत अधोसंरचना तथा परिचालन व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। इसके साथ ही देवेन्द्र नगर से फुलवारी तक 120 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से निरीक्षण विशेष ट्रेन द्वारा प्रारंभिक परीक्षण किया गया, जो इस खंड की संरचनात्मक मजबूती एवं सुरक्षा मानकों की पुष्टि करता है। देवेन्द्र नगर स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं का भी विस्तृत अवलोकन किया गया।

इस अवसर पर मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एम.एस. हाश्मी सहित निर्माण एवं संरक्षा से जुड़े विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जबलपुर मंडल से मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।

फुलवारी–देवेन्द्र नगर रेल खंड के प्रारंभ होने से क्षेत्रीय रेल संपर्क को सुदृढ़ता मिलेगी तथा पन्ना एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम रेल परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Latest News