जबलपुर। बिजली बिल का बकाया वसूलने गई विद्युत विभाग की टीम पर एमपी के जिले के पाटन क्षेत्र में पाटन के ग्राम सकरा में गुरुवार 15 जनवरी की देर शाम हमला हो गया। इस घटना में जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे के चेहरे पर गंभीर चोट आई है। किसी तरह जान बचाकर बिजली विभाग की टीम गांव से बाहर निकली और पाटन थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई।
जानकारी के मुताबिक बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे अपनी टीम के साथ ओवरलोड बिजली उपयोग और बकाया वसूली के लिए ग्राम सकरा पहुंचे थे। इस दौरान गांव निवासी सौरभ जैन से अधिक बिजली उपयोग को लेकर जुर्माना जमा करने को कहा गया।
इसी बात पर सौरभ जैन और उसके साथ मौजूद लोग भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए बिजली विभाग की टीम पर हमला कर दिया। हमले में जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे के मुंह और चेहरे पर चोट आई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव करते हुए जैसे-तैसे उन्हें गांव से बाहर निकाला और पाटन थाना लेकर पहुंचे, जहां पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।
जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे ने बताया कि ग्राम सकरा निवासी लालचंद जैन का देहांत हो चुका है। वर्तमान में उनके बेटे और नाती खेत में सिंचाई के लिए बिजली पंप का उपयोग कर रहे थे। जांच में सामने आया कि सौरभ जैन दो हॉर्स पावर का पंप चला रहा था, जबकि उसके नाम पर केवल एक हॉर्स पावर का मीटर स्वीकृत था। अधिक बिजली उपयोग को लेकर पूछताछ करने पर विवाद बढ़ गया और हमला कर दिया गया।











