जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित अधारताल क्षेत्र में रहने वाले सत्यनारायण शर्मा व उनकी पत्नी ने अपने 15 साल के बेटे की हरकतों से परेशान होकर पुलिस की शरण ली है। दम्पति ने आरोप लगाते हुए कहा कि ट्यूशन पढ़ाने वाली लेडी टीचर व फादर के संपर्क में आने के बाद बेटे का बर्ताव बदल गया है। वह मंदिर छोड़ चर्च जाने लगा है। देवी-देवताओं के फोटो फाड़ रहा है। इतना ही नहीं, चर्च जाने से मना करने पर गालीगलौज व मारपीट करने लगता है।
अधारताल निवासी दम्पति ने कहा कि बेटे का धर्मांतरण करने का प्रयास किया जा रहा है। इस बात की शिकायत थाना में की गई लेकिन यहां पर कोई सुनवाई नहीं हुई तो आज पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे और पूरी बात बताई। उन्होंने कहा कि बेटे का धर्मांतरण के लिए ब्रेनवॉश किया जा रहा है। शर्मा ने सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे हैं। जिनमें लोहे की रॉड लेकर बेटा धमका रहा है। इसके बाद पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है।
एएसपी जितेंद्र सिंह का कहना है कि परिजन बेटे की काउंसलिंग चाहते हैं, जो हम कराएंगे। सत्यनारायण शर्मा का कहना है कि उनका बेटा सेंट जेवियर में दसवीं कक्षा में अध्ययनरत है। इसी स्कूल की टीचर पलक सिंह के पास वह ट्यूशन पढ़ता है और फादर के भी संपर्क में रहता है। उसने साफ कह दिया है कि आप (माता-पिता) धर्म परिवर्तन करोगे तो साथ रहूंगा वरना अकेला केरल चला जाऊंगा।
पिता सत्यनारायण शर्मा ने यह भी कहा कि बेटा हर काम के लिए फादर व टीचर की सलाह देता है। उन्हें बार-बार फोन करता है। उसे जब फादर से बात करने से मना किया गया तो देवी-देवताओं के फोटो फाड़ दिए और घर का दरवाजा भी तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवार चाहता है कि हम बेटे की काउंसलिंग कराएं, जिसके लिए हम प्रयास करेंगे। पुलिस से की शिकायत में शर्मा ने टीचर पलक सिंह और फादर के मोबाइल नंबर दिए हैं। टीचर ने मोबाइल बंद कर लिया हैए तो फादर रिसीव नहीं कर रहा है। मामले में पुलिस टीचर और फादर से पूछताछ कर सकती है।











