Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर-भोपाल हाइवे पर ट्रक चालक ने किया हंगामा

जबलपुर-भोपाल हाइवे पर ट्रक चालक ने किया हंगामा

जबलपुर। एमपी के जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब नशे में धुत एक ट्रक चालक ने बीच सड़क पर जमकर हंगामा कर दिया। हालात ऐसे बने कि करीब आधे घंटे तक नेशनल हाईवे का एक लेन पर यातायात जाम रहा, जिससे एक तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्रक चालक ने लाठी लेकर परिवहन विभाग के कर्मचारियों को काफी दूर तक खदेड़ दिया। मौके पर पहुंची बेलखेड़ा पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।

बताया गया है कि परिवहन विभाग का उडऩदस्ता जबलपुर-भोपाल मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान ट्रक तेज रफ्तार में भोपाल की ओर जा रहा था। टीम ने ट्रक को रोका और पूछताछ की तो चालक ने अपना नाम अरविंद पिता कैलाशचंद्र निवासी देवास बताया। ट्रक में कई तरह की लाइटें लगी हुई थीं। जब चालक से वाहन के दस्तावेज मांगे गए तो उसने देने से इनकार कर दिया।

इसके बाद परिवहन विभाग ने पीएसओ मशीन से ऑनलाइन चालान काटा, जिससे चालक भड़क गया और हाथ में लाठी लेकर हंगामा करने लगा। चालक नशे में इस कदर धुत था कि उसने परिवहन विभाग के कर्मचारियों को लाठी लेकर काफी दूर तक खदेड़ दिया। हालात बिगड़ते देख कर्मचारियों ने मौके से हटकर बेलखेड़ा थाना पुलिस को सूचना दी। परिवहन विभाग और पुलिस द्वारा समझाने की कोशिश के बावजूद चालक नहीं माना।

उसने ट्रक को नेशनल हाईवे के एक लेन पर आड़ा खड़ा कर दिया और सड़क से हटाने से इनकार कर दिया। चालक हाथ में लाठी लेकर काफी देर तक सड़क पर घूमता रहा और कहता रहा कि ट्रक नहीं हटेगा, जिसे बुलाना है बुला लो। बेलखेड़ा थाना पुलिस ने स्थिति पर काबू पाते हुए ट्रक चालक को हिरासत में लिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Latest News