Friday, September 11, 2026
Homeमध्य प्रदेशमहिलाओं ने फोड़ी शराब की बोतलें, नारेबाजी कर पुलिस को दी चेतावनी

महिलाओं ने फोड़ी शराब की बोतलें, नारेबाजी कर पुलिस को दी चेतावनी

जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित ग्राम खमरिया, खिरवा, बरगी में महिलाओं ने अवैध रुप से बिक रही शराब को लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। यहां तक कि अवैध कारोबारी से शराब छीनकर सड़क पर बहा दी। महिलाओं ने पुलिस-प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि अब भी अवैध शराब पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे जिला स्तर पर बड़ा प्रदर्शन करेंगी।

बताया गया है कि अक्टूबर महीने में भी इन महिलाओं ने शराबबंदी की मांग को लेकर सिहोरा थाना का घेराव किया था, लेकिन क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार जारी रहा। आज महिलाओं को खबर मिली कि एक व्यक्ति एक्टिवा में शराब लाकर गांव में बेचने की तैयारी कर रहा है। फौरन महिलाओं ने उसे घेरकर शराब छीन ली और सड़क पर फेंक दी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।

सूचना मिलते ही आबकारी विभाग और सिहोरा थाने के स्टाफ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित महिलाओं को शांत करवाया। महिलाएं शराब की बोतलें तोड़ते हुए नारेबाजी कर रही थीं और चेतावनी दे रही थीं कि यदि जल्द शराब बंदी नहीं की गई तो वे स्वयं अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने को मजबूर होंगी।

उनका कहना था कि खमरिया और खिरवा गांव में चारों ओर अवैध रूप से शराब बेची जा रही हैए जिससे असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है और अक्सर विवाद व मारपीट की घटनाएं होती हैं। महिलओं का कहना था कि पहले गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू थी लेकिन खिरका डोंगरी से विस्थापित लोग कॉलोनी के पास पहाड़ी इलाकों में बस गए हैं और खिरवा व खमरिया गांव के आसपास भी शराब की बिक्री शुरू हो गई है।

इसी कारण हालात फिर बिगडऩे लगे। उन्होंने यह भी बताया कि खिरगा गांव में कुछ महिलाएं शराब बनाकर अपना एकमात्र रोजगार चलाती हैं। उनके अनुसार उनके बच्चे भी इस काम में लग जाते हैं, जिससे वे नियमित रूप से स्कूल नहीं जा पाते और शिक्षा से वंचित रह जाते हैं।

Related Articles

Latest News