इंदौर में 70 से ज्यादा देशों से आए भारतीयों की उपस्थिति में हुआ यूथ प्रवासी दिवस का शुभारंभ

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘यूथ प्रवासी दिवसÓ कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय राज्य मंत्री निशिथ प्रमाणिक, विशिष्ट अतिथि सुश्री जनेटा मैस्करेनहास संसद सदस्य ऑस्ट्रेलिया एवं विश्व के 70 से ज्यादा देशों से आए प्रवासी भारतीय व गणमान्य मेहमान उपस्थित हैं।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दुनिया भर से पधारे मेरे भाइयों और बहनों, भांजे और भांजियों मध्यप्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की तरफ से आप सबका हृदय से स्वागत और अभिनंदन करता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वागत केवल शब्दों में नहीं है, स्वागत आत्मीय है, स्वागत भावनाओं में है। उन भावनाओं का प्रकटीकरण आप इंदौर में देख रहे होंगे।

सीएम चौहान ने कहा कि इंदौर रोशनी से नहाया हुआ है। पूरे शहर में रंगोली सजाई गई है। स्वागत द्वार लगे हुए हैं। इंदौर की जनता आपके स्वागत के लिए पलक पावड़े बिछाए हुए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर में इस बात को लेकर होड़ लगी हुई है कि प्रवासी भारतीय मेहमान होटल में क्यों ठहरें, हम उन्हें अपने घर में ठहराएंगे।

सीएम चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का दिल है और आप मध्यप्रदेश के दिल के टुकड़े हैं। उन्होंने कहा कि भारत अत्यंत प्राचीन और महान राष्ट्र है। जब दुनिया के विकसित देशों में सभ्यता के सूर्य का उदय नहीं हुआ था। तब हमारे देश में वेदों की ऋचाएं रच दी गई थीं।

अयं निज: परो वेति गणना लघु चेतसाम्।
उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुम्बकम्।।

सीएम चौहान ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बना। लेकिन भारत के ऋषियों ने तो हजारों साल पहले ही यह मंत्र दे दिया था। ये मेरा, ये तेरा कि सोच छोटे दिल वालों की होती है। जो विशाल हृदय के होते हैं, वो कहते हैं कि सारी दुनिया ही एक परिवार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी मूल मंत्र को आत्मसात करके केवल भारत ही नहीं दुनिया की सेवा कर रहे हैं।

सीएम चौहान ने कहा कि युवा वह नहीं है जिसकी उम्र 15 से 35 साल की होती है। युवा वह है जिसके पैरों में गति होती है, सीने में आग होती है, आंखों में सपने होते हैं। युवा वह है जो उन सपनों को साकार कर के ही चैन की सांस लेता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया को दिशा दिखा रहा है। आने वाले वर्षों में भारत को ज्ञान शक्ति, अर्थशक्ति और आत्मनिर्भर शक्ति बनाने के लिए इनोवेशन एवं टेक्नोलॉजी जरूरी है।

सीएम चौहान ने कहा कि भारत के युवा नवाचार कर रहे हैं। नए-नए आइडियाज के साथ कार्य कर रहे हैं। आइडिया को सफल बनाने के लिए रोडमैप और उस पर चलने के लिए परिश्रम, नदी की विपरीत दिशा में चलने का साहस, ये करना पड़ता है, तब सफलता मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगे बढऩे के लिए इनोवेशन के साथ टेक्नोलॉजी भी जरूरी है। भारत के प्रवासी युवाओं ने अपनी प्रतिभा के दम पर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अपना लोहा मनवाया है। कई जगह ऐसी स्थिति निर्मित हो गई है कि यदि भारतीय न हों तो काम ही ठप हो जाए।

सीएम चौहान ने कहा कि अपना मध्यप्रदेश अद्भुत है। यहां महाकाल महालोक है, जिसकी छठा अद्भुत है। यहां बाबा महाकाल, ओंकारेश्वर दो-दो ज्योतिर्लिंग, 3 वर्ल्ड हेरिटेज, 11 टाइगर पार्क हैं। मध्यप्रदेश टाइगर स्टेट, लेपर्ड स्टेट, वल्चर स्टेट है और अब तो चीता स्टेट भी बन गया है।

भारतीय प्रवासी सम्मेलन में केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि महात्मा गांधी 108 साल पहले दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे थे। भारतीय मूल के लोगों ने विदेशों में व्यावहारिकता दिखाई है। भारतीय प्रवासी युवाओं में विशेष और अद्वितीय गुण हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि भारतीयता का रिश्ता हमें एकजुट करता है। ये खून का रिश्ता हमें एकजुट करता है। उन्होंने कहा कि आप जितना भारत घूमेंगे उतना भारत को जानेंगे। उन्होंने महाकाल लोक और ओंकारेश्वर मंदिर का जिक्र करते हुए इंदौर के सराफा बाजार की विजिट करने का आग्रह किया।

सम्मेलन में आज टेक्नोलॉजी, टेक्सटाइल, फूड, स्टार्टअप, हेल्थकेयर, फार्मा, पर्यटन और संस्कृति पर चर्चा होगी। शाम को सीएम शिवराज सिंह रात्रिभोज देंगे। सम्मलेन में प्रवासी भारतीय शामिल हो रहे हैं। सम्मेलन के लिए इंदौर को दुल्हन की तरह सजाया गया है।