Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयकार्यकर्ताओं के दम पर 2027 में प्रचंड बहुमत से फिर बनेगी भाजपा...

कार्यकर्ताओं के दम पर 2027 में प्रचंड बहुमत से फिर बनेगी भाजपा सरकार

(हि.स.)। नव निर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के मऊ जनपद आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

जैसे ही उनका काफिला मऊ पहुंचा, अति उत्साहित कार्यकर्ताओं ने जेसीबी के माध्यम से फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में पार्टी के झंडे, बैनर और पोस्टरों से माहौल पूरी तरह से उत्सवमय नजर आया।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की अगुवाई में एक विशाल स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनपद के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अचानक अपना काफिला रोककर मंच से सीधे कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

कार्यकर्ताओं के जोश और उत्साह को देखकर उन्होंने कहा कि यही ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में पार्टी को और मजबूत करेगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह से कार्यकर्ता आज पूरे मनोयोग से जुटे हुए हैं, उसी के बल पर 2027 में उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाई जाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया।

वहीं, कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने भी अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से आने वाले चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की जाएगी।

समारोह के अंत में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के समर्थन में नारे लगाए और पूरे जोश के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।

Related Articles

Latest News