Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयरेलवे स्टेशन : भीषण आग लगने से सियालदह दक्षिण शाखा में अस्थायी...

रेलवे स्टेशन : भीषण आग लगने से सियालदह दक्षिण शाखा में अस्थायी रूप से बाधित रहा रेल परिचालन

(हि.स.)। सप्ताह के पहले कार्यदिवस की शुरुआत में ही बाघाजतिन रेलवे स्टेशन पर भीषण आग लगने से रेल सेवाएं प्रभावित हो गईं। सोमवार सुबह करीब छह बजे बाघाजतिन स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर–दो पर स्थित एक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

आग से उठते घने धुएं के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सियालदह दक्षिण शाखा की डाउन लाइन पर कुछ समय के लिए ट्रेन परिचालन रोक दिया गया। लगभग आधे घंटे तक रेल सेवाएं पूरी तरह बाधित रहीं, जिसका असर अप लाइन पर भी पड़ा।

कई लोकल ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर ही रोक दी गईं, जिससे सुबह के व्यस्त समय में कार्यालय जाने वाले यात्रियों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस आगजनी में दुकान में रखे कपड़े और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। रेलवे प्रशासन और दमकल विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थिति सामान्य होने के बाद धीरे-धीरे रेल परिचालन बहाल कर दिया गया।

Related Articles

Latest News