जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के नाम एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। भारत सरकार के भारतीय डाक विभाग ने जबलपुर में आयोजित होने वाली वर्ल्ड रामायण कांफ्रेंस को सम्मानित करते हुए एक विशेष डाक आवरण जारी किया है। यह कदम न केवल इस आयोजन की महत्ता को दर्शाता है बल्कि इसे वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान भी प्रदान करता है।
विशेष आवरण की खासियत
इस विशेष डाक आवरण पर ‘वर्ल्ड रामायण कांफ्रेंस जबलपुर’ अंकित किया गया है। साथ ही, इस पर लेखक डॉ. अखिलेश गुमास्ता द्वारा लिखित पुस्तक ‘हिम्स ऑफ रामायण’ की तस्वीर भी प्रकाशित की गई है। इस आवरण का विस्तृत विवरण कवर के पीछे वाले पृष्ठ पर मुद्रित है।
ऋषि जाबाली की तपोभूमि
जबलपुर, जिसे प्राचीन काल में ऋषि जाबाली के नाम से जाना जाता था, वर्ष 2016 से निरंतर वर्ल्ड रामायण कांफ्रेंस की मेजबानी कर रहा है। यह सम्मेलन प्रत्येक 3 वर्ष में आयोजित किया जाता है। इसमें विश्व भर से रामायण विद्वान, साहित्यकार और कलाकार सम्मिलित होते हैं। यह आयोजन अकादमिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक सत्रों में विभाजित रहता है। यह भव्य आयोजन ब्रह्मऋषि मिशन समिति के तत्वावधान में संपन्न होता है।
आयोजकों ने भारत सरकार का जताया आभार
इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए रामायण कांफ्रेंस जबलपुर के आयोजन अध्यक्ष अजय विश्नोई एवं सचिव डॉ. अखिलेश गुमास्ता ने भारत सरकार के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग की यह विशेष कृपा इस आयोजन को अविस्मरणीय बनाएगी और आने वाली पीढिय़ों के लिए इसे एक ऐतिहासिक धरोहर के रूप में संजो कर रखेगी।










