Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशभारी वाहन के कुचलने से युवक की मौत, साली की शादी में...

भारी वाहन के कुचलने से युवक की मौत, साली की शादी में शामिल होने जबलपुर आ रहा था

जबलपुर/दमोह। एमपी के दमोह से साली के शादी समारोह में शामिल होने जबलपुर आ रहे जीजा राजेन्द्र गौंड़ की पाटन रोड पर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। राजेन्द्र को भारी वाहन ने टक्कर मारकर कुचल दिया, जिससे सिर में गंभीर चोटें आने के कारण हादसा हुआ है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दमोह के खजरी मोहल्ला निवासी राजेंद्र गौड़ बीती देर शाम मोटर साइकल से अपनी साली के शादी समारोह में शामिल होने के लिए जबलपुर के लिए रवाना हुए। जब वे तेंदूखेड़ा से पाटन की ओर बढ़ रहे थे, इस दोरान पीछे से आए भारी वाहन ने टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर लगते ही राजेन्द्र सामने की ओर गिरे, जिन्हे कुचलते हुए ट्रक निकल गया।

हादसे में राजेन्द्र के सिर, चेहरे व सीने में गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। राह चलते लोगों ने युवक को खून से लथपथ सड़क पर पड़े देखा तो पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शिनाख्ती के बाद परिजनों को खबर दी।

घटना के बाद इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटर साइकल सड़क से हटाई इसके बाद यातायात शुरु हो सका। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि राजेन्द्र की पत्नी व परिवार के अन्य सदस्य सुबह ही जबलपुर आ गए थे। राजेन्द्र ने अपने जरुरी काम निपटाकर रात को शादी में आने की बात कही थी।

घटना की खबर मिलते ही परिजन भी पहुंच गए थे। जिन्होने राजेन्द्र को इस हालत में देखा तो फूट-फूट कर रोए। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Latest News