SHABD, नई दिल्ली: ओवल टेस्ट मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाले मोहम्मद सिराज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं सीरीज में 754 रन बनाने वाले शुभमन गिल को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
ओवल टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड को 6 रन से हराकर सीरीज 2-2 से बराबर कर ली है। इस जीत के हीरो रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं शुभमन गिल को सीरीज में 754 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला।
पांचवे दिन इंग्लैंड को जीत के लिए सिर्फ 35 रन चाहिए थे और भारत को 4 विकेट। सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की धारदार गेंदबाजी के आगे इंग्लिश बल्लेबाज बेबस नजर आए। सिराज ने पहले जेमी स्मिथ और फिर क्रेग ओवर्टन को आउट कर इंग्लैंड को संकट में डाल दिया। प्रसिद्ध कृष्णा ने जोश टंग को चलता किया।
आखिरी उम्मीद के रूप में घायल हाथ से क्रिस वोक्स मैदान पर उतरे। दूसरी ओर से एटिंक्सन ने संघर्ष जारी रखा और सिराज की गेंद पर एक छक्का भी जड़ा, लेकिन सिराज ने उन्हें 17 रन पर बोल्ड कर भारत को रोमांचक जीत दिलाई।











