सत्य: देवकी दर्पण

सत्य ही गवाह है रोज सत्य ही जवां है रोज
मोज देर कितनी असत्य कर पायेगा
विजय श्री वरण सदा से सत्य को ही करे
सत्य से चटक रंग झूठ नही पायेगा
लूटमार फूकमार हूकमार चूकमार,
दूकमार जादू कब तक चल पायेगा
तर्क तर्क व वितर्क गर्क बेड़ा कर देगा,
ना असत्य सत्य पर बोझ धर पायेगा

सत्य ही खरी है धार, झूठ की सदा ही हार
बनता गवार क्यो तू जिन्दगी सुधार ले
झूठ नर्क सत्य स्वर्ग, मत कर बेड़ा गर्क।
फर्क इतना तू पहचान, नैया तार ले
लहरे विशाल पर होना ही नही बैहाल।
तू आत्म विश्वास रख जिन्दगी उबार ले
होना नही है हतास सत्य गर खड़ा पास।
मत हो उदास प्यारे जिन्दगी संवार ले

सच की पकड़ राह, होता काहे गुमराह,
बाह झूठ की पकड़, चल नही पायेगा
जीवन की एक झूठ, देशी मय की है घूट,
घूंट-घूंट बढ़ती सम्भल नहीं पायेगा
बिगड़ेगा हाल सवालो पर होगें सवाल,
हर काम मे खलल हल नहीं पायेगा
सच को ही रच पग पग असत्य से बच,
जटिल पहेली से निकल नहीं पायेगा

सत्य कड़वा है सदा, जान सत्य ही है सुधा,
कड़वी दवाई ही तो रोग नाश करती
कड़वे से मत डर उतरेगा तेरा ज्वर,
बिना स्वाद की मुलेठी स्वर वास करती
प्रलोभन तो पुकारे धरती न छोड़ प्यारे,
सत राह हमेशा मंजिले पास करती
सत्य कर्म निष्ठता घनिष्ठता लिए बैठी है,
सत्य मे ही शिष्ठता सदा से रास करती

देवकी दर्पण
काव्य कुंज रोटेदा,
पाटन, बून्दी,
राजस्थान- 323301
संपर्क-9799115517

परिचय-
साहित्यक नाम- देवकी दर्पण
पारिवारिक नाम- देवकी नन्दन शर्मा
पिता- स्व. गजानन्द शर्मा
माता- स्व. श्रीमति रामनाथी बाई
जन्म- 7 जुलाई 1976
लेखन- हिन्दी व राजस्थानी मे समान रूप से।
विधा- गद्य में- संस्मरण, रेखा चित्र, कहानी, लघु कथा, यात्रा वृतांत, लेख, आलेख, ललित निबंध आदि।
पद्य में- कविता, गीत नवगीत हाइकू, दोहा, छन्द, गजल, क्षणिका, मुक्तक आदि।

अभिरुचि- लेखन, स्वाध्याय, संगीत, अभिनय, वाद्यवादन आदि।

प्रकाशन- देश भर से पांच दर्जन दैनिक और दूसरी पत्र पत्रिकाओं सहित राष्ट्रीय स्तर के संकलनों मे रचना प्रकाशित।

प्रकाशित पुस्तके – अमरत को धोरो (राजस्थानी काव्य कृति), मेघ माल (हिन्दी काव्यकृति), कांकरी घून्दता पग(राजस्थानी यात्रा वृतांत), अध्यात्म दर्शन (भजन संग्रह), क्है चकवां सुण चकवी (राजस्थानी लोक कथा), पुरषोत्तम व्रत कथा (काव्यानुवाद), सत्यनारायण व्रत कथा (काव्यानुवाद)

प्रसारण- दूरदर्शन केन्द्र जयपुर, ईटीवी भारत, पस्ट इण्डिया सहित कोटा और जयपुर आकाशवाणी से रचना आलेखो का प्रसारण।

सचिव- राष्ट्रीय शिक्षक रचनाकार प्रगति मंच और मायड़भासा सिरजण मंच।

सम्मान- मानद उपाधि अन्तर्राष्ट्रीय पराविद्या संस्थान उप्र द्रारा। डॉ अम्बेडकर फेलोशिप नई दिल्ली। अखिल भारतीय साहित्य संगम उदयपुर द्वारा काव्य कदंब सम्मान। राष्ट्रीय युवा रचनाकार सम्मान रा.शि.र.प्र मंच बूढादीत कोटा। दुष्यन्त साहित्य सम्मान खण्डवा मप्र। साहित्य भूषण कटनी मप्र। ब्रजगौरव मथुरा उप्र। शिक्षा एवं कला परिषद द्वारा भारत श्री। आर्यावर्त रत्न आर्यावर्त समिति कोटा। सम्मान सिहोर मप्र सहित कई सम्मान पत्रो से भूषित।

मंच- अखिल भारतीय एवं राजस्थानी कवि सम्मेलनो मे सन् 2000 से कविता पाठ।