विद्युत विभाग के प्रमुख श्रमिक नेता एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय डीपी पाठक की पुण्यतिथि पर श्रमशक्त‍ि दिवस का आयोजन

पूर्व विधायक, पूर्व जबलपुर नगर कांग्रेस अध्यक्ष, विद्युत विभाग सहित अनेक श्रम संगठनों के प्रमुख श्रमिक नेता स्वर्गीय डीपी पाठक इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन काउंसिल (इंटक) के गठन से ही जुड़ गए और उनका मुत्युपर्यन्त श्रम कल्याण कार्यों से गहरा नाता रहा। स्वर्गीय डीपी पाठक की पहचान मध्यप्रदेश ही नहीं वरन् देश के विद्युत श्रमिक जगत के इतिहास पुरूष के रूप में रही है। स्वर्गीय डीपी पाठक 34 श्रम संगठनों के माध्यम से श्रमिक कल्याण कार्यों में अपनी अग्रणी भूमिका निभाई और कर्मचारी कल्याण का महत्वपूर्ण कार्य किया। वे महान कर्मयोगी और कर्मचारियों, श्रमिकों के लिए सदैव समर्पित थे।

ये भी पढ़ें: ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा- जनसेवा ही मेरा उद्देश्य

11 फरवरी 2011 को ब्रम्हलीन हुए स्वर्गीय डीपी पाठक की आज बारहवीं पुण्य तिथि‍ है। श्रमशक्त‍ि दिवस का आयोजन मे आज रविवार 12 फरवरी को जानकी रमण महाविद्यालय के सभागृह में अपरान्ह 2 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि अरविन्द चौबे मुख्य अभियंता, जबलपुर रीजन, विशिष्ट अतिथि संजय अरोरा, अधीक्षण अभियंता जबलपुर शहर, नीरज कुचया अधीक्षण अभियंता, सचारण-संधारण जबलपुर वृत होंगे एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता एसपी मिश्रा, वरिष्ठ नेता व प्रांतीय सचिव मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन रहेंगे। कार्यक्रम के सबंध मे जानकारी देते हुए यूके पाठक, कार्य वाहक अध्यक्ष एवं अनूप वर्मा प्रांतीय प्रचार सचिव ने बताया कि उक्त कार्यक्रम मे मप्र फेडरेशन प्रतिनिधियों के अलावा अन्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।  

वर्ष 1977 में स्वर्गीय डीपी पाठक पनागर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के विधायक के रूप में विजयी हुए। उन्होंने वर्ष 1972 से लगातार 8 वर्षों तक जबलपुर शहर के नगर कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर सफलतापूर्वक कार्य करते हुए जबलपुर शहर में कांग्रेस को एक नई पहचान व दिशा दी। स्वर्गीय डीपी पाठक जबलपुर शहर के पहले युवक कांग्रेस अध्यक्ष थे। स्वर्गीय डीपी पाठक ने मुत्युपर्यन्त मध्यप्रदेश विद्युत मण्डल में प्रतिनिधि‍ संघ मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ (फेडरेशन) के संस्थापक महामंत्री के रूप में नेतृत्व किया। वे भारतीय राष्ट्रीय विद्युत मजदूर फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सेक्रेटरी जनरल, इंडियन नेशनल सीमेंट वर्क्स फेडरेशन के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अखि‍ल भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के संगठन मंत्री और मध्यप्रदेश राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के प्रांतीय उपाध्यक्ष भी रहे। उन्होंने प्रदेश इंटक के महामंत्री के रूप में भी कार्य किया। स्वर्गीय डीपी पाठक एसीसी कैमोर, मैहर सीमेंट, जेपी सीमेंट रीवा, डायमंड सीमेंट दमोह व बिरला सीमेंट फैक्ट्री सतना में कार्यरत इंटक के श्रमिक संगठनों में वि‍भि‍न्न पदों पर कार्य करते हुए, सीमेंट उद्योग में कार्यरत श्रमिकों व उनके परिवारजनों के उत्थान हेतु महत्वपूर्ण कार्य किए, जिनका उल्लेख आज भी किया जाता है। स्वर्गीय डीपी पाठक मध्यप्रदेश शासन द्वारा गठित मध्यप्रदेश श्रम कल्याण परिषद व श्रम सलाहकार परिषद के जीवन पर्यन्त सदस्य रहे। उन्होंने अनेक अवसरों पर उपर्युक्त समितियों की अध्यक्षता भी की।

मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ (फेडरेशन) के सुनील कुरेले, आरएस परिहार, केदार अग्नि‍होत्री, सीताराम कुरचानिया,आईके अग्रवाल, दिनेश दुबे, उमाशंकर दुबे, अशोक गुप्ता, एसके पचौरी, मोहन श्रीवास, दिलीप पाठक, विमल महापात्रा, मनोज पाठक, बुजमोहन विश्वकर्मा, बंसत मिश्रा, एसके दुबे, वीडी ताम्रकर, रिचर्ड जेम्स लाल, राजेश श्रीवास्तव, अनिक अहमद खान ने सभी कर्मचारियों से कार्यक्रम में उपस्थ‍ित होने का आग्रह किया है।