Homeमध्य प्रदेशबिजली चोरी की सूचना पर 49 सूचना प्रदाताओं को मिला 21,305 रुपये...

बिजली चोरी की सूचना पर 49 सूचना प्रदाताओं को मिला 21,305 रुपये इनाम

मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लॉन्च किए गए ‘वी मित्र’ मोबाइल एप को लोगों का शानदार सहयोग मिल रहा है। इस ऐप के माध्यम से आम नागरिक बिजली के गलत उपयोग की सूचना देकर इनाम पा रहे हैं। अब तक 49 सूचना प्रदाताओं ने वी मित्र ऐप का उपयोग करते हुए बिजली के गलत उपयोग की सटीक जानकारी कंपनी को दी है, जिसके बदले उन्हें कुल 21,305 रुपये का इनाम वितरित किया गया है, जो कि कंपनी ने उनके बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफार किए गए है।

अभी तक जबलपुर जिले के 12, सिंगरौली के 9, छिंदवाड़ा के 7, शहडोल के 4, छतरपुर, मंडला, सतना, टीकमगढ़ के 2-2 तथा बालाघाट, नरसिंहपुर, सिवनी, उमरिया से 1-1 सूचना प्रदाता को इनाम की राशि प्राप्‍त हो चुकी है। अभी तक 21000  से अधिक लोगों ने वी मित्र को डाउनलोड किया है, इस ऐप को उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही कंपनी की वेबसाइट से भी इस ऐप को डाउनलोड करने की सुविधा है।

वी मित्र ऐप के माध्‍यम से जनता अब स्‍वयं बिजली चोरी, मीटर में छेड़छाड़, अवैद्य विद्युत कनेक्‍शन, गलत मीटर रीडिंग्स, अवैध पावर एक्सटेंशन, एक ही स्‍थान पर एक से अधिक बिजली कनेक्शन, बिजली कनेक्‍शन का अवैध रूप से विस्‍तार, अधिक लोड का इस्‍तेमाल करने वालों की शिकायत कर सकेगी और की गई शिकायतों की लाईव मॉनिटरिंग कर सकेगी। वी मित्र ऐप “जनता का ऑडिट, जनता के द्वारा, जनता के लिए” के सिद्धांत पर काम करता है।

वी मित्र ऐप जनता एवं कंपनी के बीच पारदर्शिता और जनभागीदारी को बढ़ावा देता है। इस पहल का उद्देश्य बिजली की चोरी पर अंकुश लगाना और ईमानदार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। कंपनी ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने आसपास यदि कहीं बिजली की चोरी, मीटर बाईपास या किसी प्रकार की अनियमितता देखें, तो वी मित्र ऐप के माध्यम से तुरंत सूचना दें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी और सही सूचना देने पर निश्चित इनाम मिलेगा।

Related Articles

Latest News