Friday, September 11, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी में भीषण गर्मी के बीच पांच जिलों में आज आंधी-बारिश की...

एमपी में भीषण गर्मी के बीच पांच जिलों में आज आंधी-बारिश की संभावना

भोपाल (हि.स.)। मध्यप्रदेश में पिछले चार दिनों से तेज गर्मी और लू का प्रकोप है। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के शहर भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। यहां सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर हो जाते हैं, जबकि रातें भी गर्म हैं। ग्वालियर-चंबल के साथ अब मालवा-निमाड़ भी गर्म है। यहां दिन का तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच जाता है।

मौसम विभाग ने 24-25 मई से पूरे प्रदेश लू चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं, आज बुधवार को भीषण गर्मी के अलावा बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट में आंधी-बारिश की संभावना जताई है।

इससे पहले मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया। रतलाम सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। वहीं, दतिया-नौगांव में 45.5 डिग्री, गुना में 45.4 डिग्री और ग्वालियर में पारा 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि राजधानी भोपाल और उज्जैन सीजन के सबसे गर्म रहे। भोपाल में तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, उज्जैन में 44.1 डिग्री दर्ज किया गया।

तेज गर्मी की वजह से लू का असर भी रहा। प्रदेश के कई शहरों में गर्म हवाएं चली। टीकमगढ़, खंडवा, दमोह, नर्मदापुरम, खरगोन, खजुराहो और शाजापुर में तापमान 44 डिग्री या इससे अधिक दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर में पारा 42.8 डिग्री और जबलपुर में 41.8 डिग्री दर्ज किया गया।

Related Articles

Latest News