जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित हरदुली आदिवासी छात्रावास कुण्डम में जिस बैगा छात्र की मौत हुई थी। उसकी वजह वहां पर परोसा जा रहा दूषित भोजन था। इसी भोजन को खाने के बाद छात्र बीमार पड़े थे। इसका खुलासा प्रशासनिक जांच रिपोर्टए पोस्टमॉर्टम व बिसरा जांच से हुआ है।
जांच में यह भी सामने आया है कि छात्रावास अधीक्षक गजेंद्र झारिया घटिया किस्म की खाद्य सामग्री गांव से मंगवाते थे और कर्मचारियों पर दबाव बनाकर उसी से खाना बनवाकर छात्रों को परोसा जाता था। खाद्य विभाग की जांच में यह भी पता चला कि घटिया खाद्य सामग्री खाने से अन्य 12 छात्रों की तबीयत भी बिगड़ी थी। रिपोर्ट सामने आने के बाद कुंडम पुलिस ने अधीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस लापरवाही में अधीक्षक के साथ और कौन-कौन शामिल था। गौरतलब है कि कुंडम के गांव बिलटुकरी निवासी छोटेलाल धुर्वे का 14 साल का बेटा राजाराम धुर्वे हरदुली आदिवासी छात्रावास में रहकर 9वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। 20 अगस्त को राजाराम सहित छात्रावास के 13 छात्रों ने भोजन कियाए जिसके बाद अचानक सभी की तबीयत बिगड़ गई। किसी को उल्टियां होने लगीं तो कोई बेहोश हो गया। सूचना मिलने पर छोटेलाल सहित अन्य छात्रों के परिजन उन्हें घर ले गए। बीमार छात्रों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
राजाराम की हालत गंभीर होने पर 21 अगस्त को उसे जबलपुर रेफर किया गयाए लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। 22 अगस्त को कुंडम पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हॉस्टल में रहने वाले छात्र हरदुली स्कूल में पढ़ते हैं। यहां कक्षा 9वीं से 12वीं तक के करीब 25 छात्र पढ़ाई कर रहे हैंए जो हॉस्टल में रहकर अध्ययन करते हैं। पुलिस ने मृत छात्र राजाराम का बिसरा प्रिजर्व कर रीजनल फॉरेंसिक साइंस लैबए जबलपुर जांच के लिए भेजा।
पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर की क्वेरी पर आरएफएसएल ने स्पष्ट किया कि बच्चे की मौत बीमारी से नहीं बल्कि विषाक्त भोजन खाने के कारण हुई है। घटना के बाद खाद्य विभाग की टीम छात्रावास पहुंची। जहां से सूखा गेहूं, आटा, चावल व अरहर दाल के नमूने लिए गए। जांच में ये सभी नमूने खराब क्वालिटी के पाए गए है।
आरोपी की तलाश में पुलिस की 3 टीमें-
डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय ने बताया कि अगस्त महीने में कुंडम थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि छात्रावास में एक छात्र की मौत हो गई है और 14 से अधिक छात्र बीमार पड़े हैं। छात्र की मौत के बाद मर्ग कायम कर जांच की गई। जिसमें यह सामने आया कि दूषित भोजन के कारण छात्र की मौत हुई। जांच के दौरान अधीक्षक गजेंद्र झारिया की गंभीर लापरवाही पाई गई है। उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 105 और 125,ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए कुंडम थाना पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।











