Homeमध्य प्रदेशबिजली अधिकारियों से साठगाँठ कर कंपनी प्रबंधन के आदेश की धज्जियां उड़ा...

बिजली अधिकारियों से साठगाँठ कर कंपनी प्रबंधन के आदेश की धज्जियां उड़ा रहे ठेकेदार

मैदानी बिजली अधिकारी और ठेकेदार मिलकर कंपनी प्रबंधन के आदेश की धज्जियां उड़ा रहे हैं। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली कंपनी में कार्य करते हुए जिन आउटसोर्स कर्मचारियों की उम्र 50 साल हो गई है, उन्हें ठेकेदार कोई भी बहाना बनाकर या कोई आरोप लगाकर नौकरी से निकाल देता है।

उन्होंने बताया कि इसके लिए मैदानी बिजली अधिकारियों के साथ ठेकेदार की पूरी साठगाँठ रहती है और नई भर्ती के नाम पर जमकर लेनदेन किया जाता है। आउटसोर्स कर्मी, अधिकारी के पास जाकर बताता है कि ठेकेदार के द्वारा पत्र देकर निकाल दिया गया है तो अधिकारी ठेकेदार के ऊपर किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं करता। जबकि अधिकारियों को ठेकेदार से लिखित जवाब मांगना चाहिए कि हमसे बगैर पूछे किसी आउटसोर्स कर्मी क्यों निकाला?  

हरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी प्रबंधन के द्वारा पूर्व में आदेश जारी किया गया है कि जिन आउटसोर्स कर्मचारियों की उम्र 50 साल हो गई है उन्हें ना निकाला जाए, लेकिन ठेकेदार अधिकारियों के ऊपर इतना ज्यादा दबाव बनाता है कि ठेकेदार जो बोलता है अधिकारी वही करते हैं। मानों अधिकारी बिजली कंपनी की नहीं ठेकेदार की नौकरी कर रहे हों।

हरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि ठेकेदार के द्वारा पुराने आउटसोर्स कर्मी को निकाले जाने के बाद नए आउटसोर्स कर्मी की भर्ती की जाती है, जहां अधिकारियों से मिलीभगत कर अच्छा खासा लेनदेन किया जाता है। मैदानी क्षेत्रों से ये जानकारी लगातार आ रही है, इसके बावजूद पूर्व क्षेत्र कंपनी प्रबंधन के द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है, इससे लगातार भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, इस पर कंपनी प्रबंधन को तत्काल संज्ञान लेने की जरूरत है।

ये भी पढ़ें- 7300mAh की दमदार बैटरी और कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले के साथ लॉन्च हुआ Vivo T4 5G

संघ के मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, अजय कश्यप, लखन सिंह राजपूत, विनोद दास, इंद्रपाल सिंह, प्रदीप पांडे, अमीन अंसारी, संदीप दीपंकर, राकेश नामदेव आदि ने पूर्व क्षेत्र कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि प्रबंधन के आदेश की अवहेलना करने वाले बिजली अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर कार्यवाही की जाए तथा भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाले ठेकेदार का अनुबंध समाप्त किया जाए।

7000mAh बड़ी बैटरी और AMOLED ड‍िस्‍प्‍ले के साथ लॉन्‍च हुआ दमदार स्मार्टफोन Oppo K13 5G

Related Articles

Latest News