जबलपुर । जबलपुर में नगर निगम द्वारा संपत्तियों के वास्तविक मूल्यांकन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने संभाग क्रमांक 3, रामपुर अंतर्गत ग्वारीघाट वार्ड स्थित मॉं नर्मदा मैरिज गार्डन का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में चौंकाने वाला खुलासा
भौतिक जांच में मैरिज गार्डन का वास्तविक क्षेत्रफल 81,992 वर्गफीट पाया गया, जबकि संपत्ति धारक द्वारा मात्र 3,120 वर्गफीट निर्मित क्षेत्र और 5,000 वर्गफीट भूमि ही दर्ज कराई गई थी।
भारी अंतर पाए जाने पर विभाग ने वर्ष 1997-98 से वास्तविक क्षेत्रफल के आधार पर संपत्ति का पुनर्मूल्यांकन किया।
संपत्ति धारक शिव कुमार रघुवंशी को ₹38,49,121 की राशि जमा करने हेतु नोटिस जारी किया गया है।
ईमानदार करदाताओं के लिए सकारात्मक संदेश
नगर निगम की इस सख्त एवं पारदर्शी कार्यवाही से स्पष्ट है कि अब शहर में टैक्स चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सही टैक्स जमा होने से प्राप्त राजस्व का उपयोग —
बेहतर सड़कें
स्वच्छता व्यवस्था
प्रकाश व्यवस्था अन्य जन-सुविधाओं के विकास में किया जाएगा।
निगमायुक्त की अपील
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शहर के सभी बारात घरों, होटलों, मैरिज लॉनों, अस्पतालों एवं अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों की सही नपाई कराकर वास्तविक टैक्स निर्धारण करवाएं और निगम की अप्रिय कार्यवाही से बचें।
जांच के दौरान यदि दर्ज संपत्तियों में अंतर पाया जाता है, तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाही के दौरान अपर आयुक्त अरविंद शाह, संभागीय अधिकारी पवन श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक अमित दुबे, प्रभारी राजस्व निरीक्षक श्रीमती मधुलिका चौधरी एवं सहायक राजस्व निरीक्षक बलराम लोधी उपस्थित रहे।











