मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है। यह सत्र 8 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान कुल 10 बैठकें आयोजित की जायेंगी।
इस सत्र में कांग्रेस ओबीसी आरक्षण के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश कर सकती है, जिससे कार्यवाही हंगामेदार होने के आसार हैं। वहीं सरकार की भी कांग्रेस के संभावित आरोपों का जवाब देने की पूरी तैयारी है।
विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। शुरुआत में दिवंगत नेताओं, प्रसिद्ध कलाकारों, पहलगाम हमले में मृतकों और अहमदाबाद विमान हादसे में मृतकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
इसके बाद प्रश्नोत्तर काल शुरू होगा। इसी क्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल, कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य मंत्री अपने-अपने विभागों की अधिसूचनाएं पटल पर रखेंगे।
अब तक विधानसभा सचिवालय में कुल 3377 प्रश्नों की सूचना प्राप्त हुई हैं। ध्यानाकर्षण की 226, स्थगन प्रस्ताव की एक, अशासकीय संकल्प की 23, शून्यकाल की 65 और नियम-139 की 1 सूचना प्राप्त हई हैं। शासकीय विधेयक भी 3 प्राप्त हुए हैं।
समाचार स्रोत- शब्द












