MPPKVVCL : जबलपुर। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (एमपीपीकेवीवीसीएल), जबलपुर में ई-ऑफिस सिस्टम लागू करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। डिजिटल कार्यप्रणाली की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके तहत कंपनी के विभिन्न कार्यालयों में चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ।
MPPKVVCL : 11 मई 2026 से 21 मई 2026 तक विभिन्न बैचों में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा । प्रारंभिक चरण में यह प्रशिक्षण सीटीआई, जबलपुर में ऑफलाइन माध्यम से तथा इसके पश्चात क्षेत्रीय कार्यालयों के लिए ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगा । इन प्रशिक्षण सत्रों में नोडल अधिकारी, प्रबंधक (आईटी), कॉर्पोरेट एवं क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे ।
ई-ऑफिस प्रणाली लागू होने के बाद कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, त्वरित फाइल निपटान, कागज रहित कार्यप्रणाली, बेहतर रिकॉर्ड प्रबंधन एवं समय की बचत जैसे महत्वपूर्ण लाभ प्राप्त होंगे । इससे शासन की डिजिटल इंडिया पहल को भी मजबूती मिलेगी ।

MPPKVVCL : इसी क्रम में आज मुख्य महाप्रबंधक (मा. संसा. एवं प्रशा.) एवं हेड (सीएस एंड ए) के अंतर्गत संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया । इस प्रशिक्षण में हेड (सीएस एंड ए) अरविंद सक्सेना एवं प्रबंधक (आईटी) राधा चतुर्वेदी द्वारा ई-ऑफिस सिस्टम की विस्तृत जानकारी एवं उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई ।
कार्यक्रम में कॉर्पोरेट कार्यालय से मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) के मार्गदर्शन में आर.सी. साहू, महाप्रबंधक (स्थापना) सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।

कंपनी द्वारा यह भी बताया गया कि आगामी दिनों में अन्य कार्यालयों एवं मैदानी इकाइयों में भी इसी प्रकार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे । सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के उपरांत ही ई-ऑफिस सिस्टम को पूर्ण रूप से लागू किया जाएगा । यह पहल न केवल कार्यकुशलता बढ़ाएगी बल्कि आधुनिक एवं डिजिटल कार्यसंस्कृति को भी प्रोत्साहित करेगी ।











