मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने एकमुश्त बिजली बिलों का भुगतान करने वाले शासकीय एवं उच्चदाब उपभोक्ताओं के लिए एसबीआई वर्चुअल एकाउंट नंबर से बिजली बिलों के भुगतान की सुविधा प्रदान की है।
इस सुविधा का सबसे बड़ा लाभ ये है कि वर्चुअल एकाउंट नंबर के माध्यम से भुगतान करने पर राशि का देयक में समायोजन निर्धारित दिनांक को स्वतः हो जायेगा और उनकी प्रविष्टि में कठिनाई नहीं होगी।
पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि कंपनी के समस्त उच्चदाब उपभोक्ताआओं द्वारा उनके विद्युत देयको का भुगतान कंपनी के भारतीय स्टेट बैंक के खाते में किया जाता रहा है। कंपनी द्वारा उच्चदाब उपभोक्ताओं को भुगतान की नई सुविधा सीएमपीई-कलेक्शन प्रदाय की जा रही है, जिसमें उपभोक्ताओं को नया एसबीआई वर्चुअल एकाउंट नंबर (VAN) उनके देयक पर प्रदर्शित किया जा रहा है।
उपभोक्ता द्वारा इस वर्चुअल एकाउंट नंबर को कंपनी के खाता क्रमांक के स्थान पर भुगतान करते समय प्रदर्शित करने पर उनका भुगतान की प्रविष्टि उनके देयक के विरूद्ध बिलिंग प्रणाली में स्वचालित रूप से हो जायेगी, जिससे राशि का देयक में समायोजन निर्धारित दिनांक को स्वतः हो जायेगा।
विद्युत वितरण कंपनी ने कहा कि कुछ शासकीय उपभोक्ता उनके देयक का भुगतान कोषागार के माध्यम से करते हैं एवं कुछ उपभोक्ता अपने समस्त देयकों का भुगतान एकमुश्त करते हैं, जिससे उनके प्रविष्टि में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। सीएमपीई-कलेक्शन से राशि की प्रविष्टि उनके देयक में त्वरित रूप से हो जाएगी और उसी अनुसार उसका समायोजन भी हो जायेगा।
विद्युत वितरण कंपनी ने इस संबंध में समस्त मैदानी अधीक्षण अभियंताओं को निर्देशित किया है कि समस्त उपभोक्ताओं को वर्चुअल एकाउंट नंबर का इस्तेमाल कर नई सुविधा सीएमपीई-कलेक्शन के माध्यम से एनईएफटी, आईएमपीएस, आरटीजीएस, फंड ट्रांसफर आदि के द्वारा देयकों का भुगतान करने हेतु जागरूक करें।









