मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी के जबलपुर ग्रामीण सर्किल के अंतर्गत विगत दिनों कार्य के दौरान करंट लगने से आउटसोर्स कर्मी प्रताप रजक गंभीर रूप से घायल हो गया था। बिजली कंपनी और ठेकेदार से सहायता राशि नहीं मिलने पर परिजनों ने ब्याज पर रुपये उधार लेकर घायल कर्मी का उपचार कराया, लेकिन घायल कर्मी की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आउटसोर्स कर्मी प्रताप रजक निजी ठेका कंपनी रतन एंपोरियम प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से पूर्व क्षेत्र कंपनी में पदस्थ था, लेकिन रतन एंपोरियम ने मृत आउटसोर्स कर्मी के परिजनों को अभी तक किसी प्रकार की आर्थिक सहायता प्रदान नहीं की, वहीं करंट लगने से होने वाली मृत्यु पर मिलने वाली 4 लाख की आर्थिक सहायता भी परिजनों को अभी तक नहीं मिली है।
इस बीच जबलपुर ग्रामीण सर्किल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के द्वारा स्व-प्रेरणा से धन राशि एकत्र कर आउटसोर्स कर्मी प्रताप रजक के परिजनों को 1,00,000 रुपये की सहयोग राशि दी गई।
संघ के मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, अजय कश्यप, विनोद दास, लखन सिंह राजपूत, इंद्रपाल सिंह, संदीप दीपांकर, शशि उपाध्याय, दशरथ शर्मा, राजेश झरिया, पीएन मिश्रा आदि सहयोग राशि देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साधुवाद देते हुए उच्चाधिकारियों से मांग की है कि मृत आउटसोर्स कर्मी के परिजनों को यथाघीघ्र 4 लाख रुपये मुआवजा दिया जाये।










