तकनीकी कर्मचारियों की अनेक लंबित मांगों और समस्याओं पर मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में विगत दिवस मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कटनी सर्किल के अधीक्षण अभियंता डीएन चौकीकर से चर्चा की गई।
हरेंद्र श्रीवास्तव ने तकनीकी कर्मचारियों की लंबित मांगों और समस्याओं पर चर्चा करते हुए बताया कि तकनीकी कर्मचारियों के पास डिस्चार्ज रॉड, वर्दी आदि सुरक्षा उपकरण का अभाव है, नियमित एवं संविदा कर्मचारियों को अवकाश नहीं दिया जाता, अवकाश के दिन ड्यूटी कराने के बाद भी एक्स्ट्रा वेजेस और नाइट अलाउंस नहीं दिया जाता, वहीं आउटसोर्स कर्मचारियों को जोखिम भत्ता नहीं दिया जाता। सब-स्टेशनों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और पर्याप्त फर्नीचर नहीं है। सब-स्टेशनों में तैनात ऑपरेटर के साथ सहायक का होना अतिआवश्यक है, लेकिन प्रबंधन के इस आदेश का पालन नहीं किया जाता।
इसके अलावा परीक्षण सहायकों से मूल कार्य न करते हुए अन्य कार्य कराये जाते हैं, आउटसोर्स कर्मचारी से 30 दिन कार्य कराकर 26 दिन का भुगतान किया जाता है। 33 केवी एवं 11 केवी लाइनों में सुधार कार्य का जेई परमिट नहीं लेता और न ही तकनीकी कर्मचारियों को करंट के कार्य का लिखित आदेश दिया जाता है आदि अनेक मुद्दे पर अधीक्षण अभियंता से वार्ता की गई। जिस पर उन्होंने कहा कि आपके द्वारा जिन समस्याओं से अवगत कराया गया है, उस पर तत्काल निर्णय लिया जाएगा।
कटनी सर्किल में उपभोक्ताओं की संख्या 3.23 लाख है, 25 डीसी है, 33X11 केवी के 58 सब-स्टेशन है। ट्रांसफार्मर की संख्या 15719 है। संविदा कर्मी 43 हैं, आउटसोर्स कर्मी 744 हैं। नियमित कर्मचारी केवल 127 हैं। वार्ता के दौरान संघ के मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, अजय कश्यप, दशरथ शर्मा, शिव बालक, प्रमोद, राजेंद्र पांडे, एसपी सोनी, संदीप रजक आदि उपस्थित रहे।









