Homeमध्य प्रदेशकमानिया गेट में होटल कर्मचारियों और दुकानदार के बीच जमकर हुआ संघर्ष,...

कमानिया गेट में होटल कर्मचारियों और दुकानदार के बीच जमकर हुआ संघर्ष, देर रात फैला तनाव

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर शहर के हृदय स्थल कोतवाली थाना अंतर्गत कमानिया गेट क्षेत्र में बीती देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक होटल के कर्मचारियों और स्थानीय दुकान संचालक के बीच मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदल गया। देर रात तक चले इस बवाल के कारण पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार, कमानिया गेट स्थित एक होटल के कर्मचारियों का किसी बात को लेकर पड़ोसी दुकानदार से विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि होटल कर्मचारी ने फोन कर अपने अन्य साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में युवक कारों से मौके पर पहुंचे और वहां खड़े वाहनों में जमकर तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। अचानक हुई इस हिंसा से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे।

पुलिस का बल प्रयोग, थाने में प्रदर्शन

हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली, लॉर्डगंज सहित कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने उग्र युवकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोग बड़ी संख्या में कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है लेकिन एहतियातन पुलिस बल मौके पर मौजूद है।

Related Articles

Latest News