Homeमध्य प्रदेशहाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, मौत, ग्रामीणों ने ड्राइवर...

हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, मौत, ग्रामीणों ने ड्राइवर को पीटा पुलिस पर पथराव, दो घायल

कटनी. एमपी के कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार 12 फरवरी की रात सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआ। बंधी रेलवे फाटक के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हाइवा चालक की पिटाई की और मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस टीम और उनके गाडिय़ों पर पथराव किया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 7 बजे बंधी स्टेशन के पास रेलवे फाटक की ओर से आ रहे राजेंद्र कोल (30) और राजा भैया कोल (30) को हाइवा (क्कक्च10॥हृ2438) ने जोरदार टक्कर मार दी।

दोनों युवक धरवारा गांव के रहने वाले थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए।

डायल 112 पर पथराव, पुलिसकर्मी घायल

घटना के बाद गुस्सा इतना ज्यादा था कि जब डायल 112 वाहन मौके पर पहुंचा, तो भीड़ ने उस पर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में वाहन में सवार दो पुलिसकर्मी और पायलट को चोट आईं।

पुलिसकर्मियों को जान बचाकर वहां से भागना पड़ा। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने पकड़े गए हाइवा चालक के साथ भी मारपीट की।

भारी पुलिस बल ने संभाला मोर्चा

तनावपूर्ण स्थिति की सूचना मिलते ही एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश सुमन और माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को काफी देर तक समझाया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आरोपी चालक को हिरासत में लिया

एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि हाइवा को जब्त कर लिया गया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। भीड़ के हमले में दो पुलिसकर्मियों और वाहन पायलट को चोट आई हैं, हालांकि अब स्थिति नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर गांव में देर रात तक पुलिस बल तैनात रखा गया है।

Related Articles

Latest News