Friday, September 11, 2026
Homeराष्ट्रीयR. Madhavan के 'रीढ़ की हड्डी' वाले पोस्ट पर मचा हंगामा, लोगों...

R. Madhavan के ‘रीढ़ की हड्डी’ वाले पोस्ट पर मचा हंगामा, लोगों ने जमकर सुनाई खरी-खोटी

R. Madhavan : ‘चलो संसद’ मार्च के तीन दिन बाद बॉलीवुड अभिनेता आर. माधवन ने छात्र आंदोलन और कथित परीक्षा अनियमितताओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक बयान में उन्होंने कहा कि हर छात्र निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित परीक्षा व्यवस्था का हकदार है। उन्होंने NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं सरकारी व्यवस्था में लोगों के विश्वास को कमजोर करती हैं।
साथ ही उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। हालांकि, माधवन का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर विवाद का कारण बन गया और जिन प्रशंसकों ने पहले उनकी सराहना की थी, उनमें से कई ने इस बयान को लेकर उनकी तीखी आलोचना की।

R. Madhavan ने छात्र प्रोटेस्ट पर कही बात

एक्टर ने कहा, ‘एजुकेशन में हमारे देश के भविष्य को आकार देने की शक्ति है और हर छात्र निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता पर आधारित व्यवस्था का हकदार है। हमेशा भारत के युवाओं की असीम क्षमता पर विश्वास करने वाले व्यक्ति के रूप में, मैं आज अनेक छात्रों और अभिभावकों की चिंता तथा निराशा को समझता हूं। शिक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जो आत्मविश्वास, निष्पक्षता और समान अवसर की भावना को मजबूत करे।’

आर माधलन ने पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग की –

‘3 इडियट्स’ फेम अभिनेता आर. माधवन ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाएं देश के युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सीधा हमला हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ इतनी सख्त और स्पष्ट सजा तय होनी चाहिए कि भविष्य में कोई भी छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने या परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करने का साहस न कर सके।

‘मुझे पूरा विश्वास है कि सरकार आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएगी’

उन्होंने कहा कि इस मामले में अतीत की कमियों को स्वीकार किए जाने के बाद मुझे पूरा विश्वास है कि सरकार आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएगी, व्यवस्था को मजबूत करेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को बनाए रखेगी।

‘ मैं सभी से उन स्वार्थी तत्वों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह करता हूं’

माधवन ने युवाओं के नाम संदेश में कहा, ‘मैं शांतिपूर्ण तरीके से सार्थक सुधारों की मांग कर रहे लोगों के साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना करता हूं। साथ ही, मैं सभी से उन स्वार्थी तत्वों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह करता हूं जो इस आंदोलन को अपने कब्जे में लेकर इसके वास्तविक उद्देश्य से भटकाने की कोशिश कर सकते हैं।’

‘चलो संसद’ मार्च के तीन दिन बाद बयान आया सामने

आर. माधवन का यह बयान कॉकरोच जनता पार्टी’ के नेतृत्व में हजारों छात्रों द्वारा निकाले गए ‘चलो संसद मार्च के तीन दिन बाद सामने आया है। यह मार्च NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में आयोजित किया गया था। प्रदर्शनकारी छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई थी।

माधवन के इस पोस्ट के साथ ही लोगों का गुस्सा उनपर फूट पड़ा

हालांकि, माधवन के इस पोस्ट के साथ ही लोगों का गुस्सा उनपर फूट पड़ा। करीब 6 जून से इस आंदोलन की शुरुआत हो चुकी थी और 20 जुलाई को ‘चलो संसद’ मार्च निकाला गया। अब इतने दिनों बाद माधवन के इस पोस्ट ने लोगों के गुस्से को भड़का दिया है। एक यूजर ने कहा- सचमुच? अब? इतने समय बाद? वहीं एक और शख्स ने कहा- आप तो हद से ज्यादा सावधानी बरत रहे हैं। यकीन नहीं होता कि मैं टीनेज में आपको अपना आदर्श मानती थी। एक अन्य यूजर ने कहा- बहुत देर हो गई भाई, बहुत देर हो गई।

‘डर सबको लगता है, गला सबका सूखता है’

एक अन्य य़ूजर ने कहा- मुझे आप पर बहुत गर्व है, आपने बिना रीढ़ की हड्डी के इतनी लंबी दूरी तय कर ली! एक और सोशल मीडिया यूजर ने कहा- बिना रीढ़ की हड्डी के जीना कैसा लगता है आपको? एक ने कहा, ‘डर सबको लगता है, गला सबको सूखता है। असल जिंदगी में वीरता, फिल्मी सितारों की वीरता से बिलकुल अलग होती है। सोनम सर पिछले 30 दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, और 3 इडियट्स की कास्ट का एक भी सदस्य सामने नहीं आया है।

जबकि फिल्म सोनम सर के नाम से बनी थी और सबने इसकी बॉक्स ऑफिस सफलता का जश्न मनाया और आनंद लिया। आमिर तो बोला भी नहीं और कह दिया कि फिल्म तो सोनम सर पर आधारित है भी नहीं। असल जिंदगी में, बोलने के लिए हिम्मत चाहिए होती है। आप दर्जनों राष्ट्रीय पुरस्कार जीत सकते हैं। लेकिन चुप रहना ही आपको फिल्मी सितारा बनाता है।’

कुछ ने कहा- अब आपका ये सपोर्ट हमें मंजूर नहीं

एक और यूजर ने अपनी बात रखते हुए कहा, ‘मैं आपका फैन हूं, आपने जो पोस्ट किया है, वह एक तरह से जवाबदेही मांगने जैसा है, बिना कोई ठोस सवाल पूछे। हम समझते हैं कि आप इस सरकार को पसंद करते हैं, लेकिन एक सार्वजनिक हस्ती होने के नाते कृपया ठोस सवाल पूछें।

गंभीर कार्रवाई की मांग करें।’ एक अन्य ने कहा- इसमें कोई हैरानी की बात नहीं कि आप दुबई चले गए। कुछ ने कहा- अब आपका ये सपोर्ट हमें मंजूर नहीं है।

Related Articles

Latest News