थका थका सा दिन है बीता
दौड़-भाग में बनी रसोई
थकन रात सिरहाने लेटी
नींद नहीं आँखों में सोई
रोज पकाऊ दिनचर्या की
घिसी पिटी सी परिपाटी
नेह भरे झरनों से वंचित
सम्बन्धों की सूखी घाटी
कजरारी
बदली ने आकर
नर्म धूप की लटें भिगोईं
साँस साँस पर चढ़ी उधारी
रहने का भी नहीं ठिकाना
सँध्या के होठों पर ठहरा
ठंडे संवादों का बाना
उमर निगोड़ी
नदी किनारे
जाने किन सपनों में खोई
नहीं आजकल दिखते कागा
पाहुन का सन्देश सुनाते
स्वारथ के इस अंधे युग में
कातिल धोखे मिलने आते
गन्ने की
बदली है सीरत
फाँखे भी हैं छोई छोई
-शशि पुरवार
परिचय-
नाम: शशि पुरवार
जन्म तिथि: 22 जून
जन्म स्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश
शिक्षा: स्नातक- बीएससी
स्नातकोत्तर- एमए राजनीति, (देवीअहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर)
तीन वर्षीय हानर्स डिप्लोमा इन कम्प्यूटर साफ्टवेयर एंड मैनेजमेंट
भाषा ज्ञान- हिंदी, मराठी, अंग्रेजी
सम्प्रति-
स्वतंत्र लेखन, स्तंभकार, ब्लागर
प्रकाशित साहित्य-
1 व्यंग्य की घुड़दौड़ (व्यंग्य संग्रह)
2 धूप आँगन की-(कविता, लेख, लघुकथा, कहानी, गजल, संपूर्ण साहित्यिक सफर)
3 मन का चौबारा (काव्य संग्रह)
4 जोगनी गंध (हाइकु संग्रह)
5 भीड़ का हिस्सा नहीं (गीत-नवगीत संग्रह)
लेखन विधाएँ व कार्य:
देश के प्रतिष्ठित समाचार पत्र एवं पत्रिकाओं में आलेख, व्यंग्य, गीत–नवगीत, ग़ज़ल, दोहे, कुण्डलियाँ, छंदमुक्त, कविताएँ, तांका, चोका, माहिया, हाइकु, आलेख, लघुकथा, कहानी, कविताओं का सतत् लेखन एवं प्रकाशन। अंतर्जाल की पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशन। ब्लॉग ‘सपने’ नाम से अंतरजाल पर चिठ्ठे का लेखन व प्रकाशन। अनगिनत साझा संकलन व महत्वपूर्ण दस्तावेजों में शामिल। उसमें से कुछ प्रमुख साझा-संग्रह है:
1 नारी विमर्श के अर्थ- निबंध संग्रह
2 उजास साथ रखना- चोखा संग्रह
3 त्रिसुगंधी- गीत-नवगीत संग्रह
4 ‘आधी आबादी’ हाइकु संग्रह
5 ‘स्वातंत्र्योत्तर हिंदी कविता दशा और दिशा’ हाइकु आलेख संग्रह
6 नयी सदी के नवगीत- गीत संग्रह
7 सहयात्री समय के- गीत संग्रह
8 कविता अनवरत- गजल प्रकाशन
9 लेडीज डाट कॉम- व्यंग्य संग्रह
10 आधी आबादी के दोहे- दोहा संग्रह
11 स्त्री का आकाश भाग-1 व भाग-2 पर्यावरण संरक्षण कविताएँ, ग्रीन अर्थ संगठन
12 शब्द साधना- गीत संग्रह, हिंदुस्तानी भाषा अकादमी
13 गीत अष्टक- गीत संग्रह
14 फिर गुनगुनाएं गीत- कविता कोश गीत
15 चुनिंदा लघुकथाएँ, लघुकथा संग्रह
16 दृष्टि लघुकथा साझा संग्रह
17 खट्टे मीठे रिश्ते (उपन्यास-सहलेखिका)
18 चुनिंदा लघुकथाकार संग्रह
19 शोध दिशा- के विशिष्ट अंको में शामिल, लघुकथा अंक, कविता अंक, दोहा अंक
विशेष-
फिल्म डायरेक्टर दर्शन दरवेश द्वारा कुछ कविताओं का पंजाबी अनुवाद व प्रकाशन। आकाशवाणी द्वारा गीत तिलिस्मि दुनिया की रिकॉर्डिंग व महाराष्ट्र वन विभाग द्वारा यह गीत वन व जल नदी बचाओ अभियान में उपयोग! यह गीत सरकारी दस्तावेज़ में शामिल
सम्मान-पुरस्कार:
1 हिंदी विश्व संस्थान और कनाडा से प्रकाशित होने वाली ‘प्रयास’ के सयुंक्त तत्वाधान में आयोजित देशभक्ति गीत की विजेता सम्मान- 2013
2 ‘अनहद कृति’ काव्य प्रतिष्ठा सम्मान- 2014-15
3 राष्ट्रभाषा सेवी सम्मान अकोला- 2015
4 हिंदी विद्यापीठ भागलपुर, ‘विद्यावाचस्पति सम्मान’-2016
5 मिनिस्ट्री ऑफ़ वूमेन एंड चाइल्ड डेवलपमेंट द्वारा भारत की 100 women’s Achievers of India 2016 सम्मान। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा सम्मानित, 100 महिला अचीवर्स सम्मान
6 ‘हरिशंकर परसाई स्मृति सम्मान’ 2016
7 Best Blogger Of the Month (2016)
8 वुमन इन एनवायरमेंट: बालिका सर्वोदय और पर्यावरण संवर्द्धन के अंतर्गत राष्ट्र स्तरीय महिला कविता 2017 की विजेता व पर्यावरण की रचना ग्रीन अर्थ द्वारा सम्मानित
9 अखिल भारतीय पोरवाल महासंघ दिल्ली द्वारा प्रतिभा सम्मान 2018
10 हिंदुस्तानी भाषा काव्य प्रतिभा सम्मान, हिंदुस्तानी भाषा अकादमी, दिल्ली
11 कल्याणकारी समिति में उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित।
12 इंदौर की महापौर मालिनि गौढ द्वारा उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित- 2018
13. Blog is included in top blogs list of India
blog- http://sapne-shashi.blogspot.com,
email: shashipurwar@gmail.com













