MP Monsoon Update: मध्य प्रदेश के सभी 55 जिलों में मानसून सक्रिय हो चुका है और झमाझम बारिश ने पूरे प्रदेश को भिगो दिया है। वहीं लगातार बादलों की अठखेलियों और बारिश फुहार के कारण अधिकांश शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गर्मी से राहत मिली है और हल्की ठंडक का एहसास होने लगा है।
मौसम विभाग ने आज शनिवार 21 जून को सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना सहित 45 जिलों में भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग केअनुसार अगले 24 घंटे प्रदेश का मौसम ऐसा ही रहेगा।
मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने और लगातार बारिश होने से 25 जिलों में दिन और रात के तापमान में 12 डिग्री तक गिरावट आई है। दिन के तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट टीकमगढ़ में आई, यहाँ तापमान 12 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज हुआ और अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री दर्ज किया गया।
इसके अलावा छिंदवाड़ा में 4 डिग्री, दमोह में 6.9 डिग्री, जबलपुर में 3.3 डिग्री, खजुराहो में 7.8 डिग्री, मंडला में 7.5 डिग्री, नरसिंहपुर और रीवा में 5.4 डिग्री, सागर में 7.4 डिग्री, सतना में 4.6 डिग्री, सिवनी में 5.8 डिग्री, उमरिया में 5.2 डिग्री, बैतूल में 2.9 डिग्री, गुना में 3.8 डिग्री, ग्वालियर में 3.1 डिग्री, नर्मदापुरम में 3 डिग्री, खंडवा में 3 डिग्री और पचमढ़ी में तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।











