MP Weather: मध्य प्रदेश में मानसून के आगमन में हो रहे विलंब के कारण गर्मी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हीटवेव चल रही है, हालांकि कुछ स्थानों में आंधी और बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को 12 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा आज शुक्रवार को भोपाल, मंडला और बालाघाट सहित 17 शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इसके बाद 15 जून को मौसम में बदलाव आएगा, फिर 15 और 16 जून को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
आज हीटवेव और आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज शुक्रवार 13 जून को ग्वालियर, टीकमगढ़, छतरपुर, श्योपुर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा और अशोकनगर में लू का अलर्ट जारी किया है। जबकि भोपाल, उज्जैन, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।
15 और 16 जून को भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ में मानसून ठहरा हुआ है। इस कारण मध्य प्रदेश में अभी तक मानसून का आगमन नहीं हो पाया है। अनुमान है कि 15 जून तक प्रदेश में मानसून प्रवेश कर सकता है। मौसम विभाग ने 15 और 16 जून को मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, खंडवा में भारी बारिश हो सकती है।











